स्वास्थ्य शिविरों में 173 ग्रामीणों की हुई जांच

सेवा संकल्प अभियान के तहत पीड़ा और कंडारा में स्वास्थ्य शिविर

रुद्रप्रयाग,  सेवा संकल्प अभियान के तहत अगस्त्यमुनि विकासखंड के पीड़ा और कंडारा गांव में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में 173 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही टीबी, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग की गई।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में राजकीय इंटर कॉलेज पीड़ा में आयोजित बहुद्देशीय शिविर के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने शिविर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और ग्रामीणों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। शिविर में 103 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की टीम ने 102 ग्रामीणों की टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग की, जबकि आठ लोगों के बलगम के नमूने जांच के लिए लिए गए। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 62 किशोरियों को माहवारी स्वच्छता और पोषण संबंधी परामर्श दिया गया। साथ ही उन्हें एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में 26 लोगों की उच्च रक्तचाप, 12 की मधुमेह और 10 लोगों की ओरल कैंसर की जांच की गई। चार बालिकाओं को एचपीवी के टीके भी लगाए गए।
इसी क्रम में कंडारा में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 70 लोगों की उच्च रक्तचाप और मधुमेह की जांच की गई। चार महिलाओं को माहवारी स्वच्छता और 10 लोगों को पोषण संबंधी परामर्श दिया गया, जबकि एक महिला की प्रसव पूर्व जांच की गई।
शिविर में डॉ. विमलनाथ, फार्मासिस्ट गोपाल सिंह रौतेला, डीपीसी एनटीईपी मुकेश बगवाड़ी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी दिव्या नेगी, मनीषा, आरकेएसके काउंसलर जयदीप कुमार, एनटीसीपी परामर्शदाता मंजू पुरोहित, एएनएम गीता खन्ना, एलटी निकिता, डाट्स प्लस सुपरवाइजर सुनील राणा, सीनियर लैब सुपरवाइजर हरीश चैधरी और कक्ष सेवक भूपेंद्र सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *