‘भगवती राकेश्वरी महात्म्य’ का 4 अक्टूबर को होगा भव्य विमोचन

ब्लॉक सभागार ऊखीमठ में होगा पंच केदार दर्शन वार्षिक सम्मान समारोह

रुद्रप्रयाग,  मदमहेश्वर घाटी की धार्मिक, आध्यात्मिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत को शब्दों में संजोने वाली पुस्तक ‘भगवती राकेश्वरी महात्म्य’ का भव्य विमोचन आगामी 4 अक्टूबर को ब्लॉक सभागार ऊखीमठ में किया जाएगा। इसी अवसर पर पंच केदार दर्शन वार्षिक सम्मान समारोह भी आयोजित होगा। कार्यक्रम में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी, जबकि अध्यक्षता क्षेत्र पंचायत प्रमुख पंकज शुक्ला करेंगे। पुस्तक के लेखक लक्ष्मण सिंह नेगी हैं, जबकि इसका प्रकाशन संस्कृति प्रकाशन, अगस्त्यमुनि द्वारा किया गया है। आयोजन को लेकर मदमहेश्वर घाटी में उत्साह का माहौल है। समारोह में राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, ऐश्वर्या रावत एवं विजय कप्रवाण, पूर्व विधायक मनोज रावत, नगर पंचायत ऊखीमठ अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण, नगर पंचायत अगस्त्यमुनि अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गोस्वामी, ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, दीक्षा प्रॉपर्टी के चेयरमैन कुलदीप रावत, सामाजिक कार्यकर्ता नीलकंठ भट्ट सहित पत्रकार, साहित्यकार एवं संगीतकार मौजूद रहेंगे।
मां चंद्रकल्याणी भगवती राकेश्वरी आठ गांव जुला मंदिर समिति के अध्यक्ष मदन भट्ट ने बताया कि लेखक ने पुस्तक में भगवती राकेश्वरी की महिमा, पौराणिक मान्यताओं, दिवारा यात्रा की परंपरा तथा मदमहेश्वर घाटी की लोक आस्था एवं सांस्कृतिक विरासत को संकलित करने का प्रयास किया है। पुस्तक में भगवती राकेश्वरी, मदमहेश्वर, वृद्ध मदमहेश्वर, मनणामाई तीर्थ, सिद्धपीठ कालीशिला सहित विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों से जुड़ी पौराणिक मान्यताओं और लोक परंपराओं को स्थान दिया गया है।
पूर्व अध्यक्ष जगत सिंह पंवार ने बताया कि संस्कृति प्रकाशन के माध्यम से प्रकाशित यह कृति मदमहेश्वर घाटी की जीवंत लोक परंपराओं को दस्तावेज के रूप में सामने लाने का प्रयास है। इसमें देवी-देवताओं की दिवारा यात्राओं, लोक जागर, धार्मिक अनुष्ठानों और ग्रामीण समाज की सांस्कृतिक आस्थाओं को संजोया गया है।
कार्यक्रम संयोजकों ने बताया कि समारोह में केदार घाटी की कथावाचक राधिका जोशी ‘केदारखण्डी’, गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर की प्रोफेसर कविता भट्ट ‘शैलपुत्री’ सहित केदार-बद्री मानव श्रम समिति एवं ‘मंदाकिनी की आवाज’ से जुड़ी मातृशक्ति को पंच केदार दर्शन वार्षिक सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हिमालयी समाज में महिलाओं ने लोक संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक सरोकारों को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके योगदान को सार्वजनिक मंच पर सम्मानित करना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
समिति सचिव दलीप रावत, कोषाध्यक्ष कार्तिक खोयाल, ग्राम प्रधान रांसी सोनिया पंवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य रेशमा भट्ट, ग्राम प्रधान घिमतोली कविता नेगी एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मगन सिंह नेगी ने मदमहेश्वर घाटी के जनमानस, जनप्रतिनिधियों, साहित्य एवं संस्कृति प्रेमियों तथा सामाजिक संगठनों से 4 अक्टूबर को ब्लॉक सभागार ऊखीमठ में आयोजित पुस्तक विमोचन एवं सम्मान समारोह में अधिकाधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *