March 3, 2026

अपनी ही हत्या की सुपारी प्रकरण में पूर्व जिला पंचायत सदस्य सहित 6 हिरासत में

0
d 5

हरिद्वार, हत्या की 30 लाख रूपये की सुपारी देने के मामले में पुलिस ने जांच करते हुए पूर्व जिला पंचायत सदस्य सहित 6 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी द्वारा जमीनी विवाद के चलते विपक्षी को फंसाने हेतू खुद ही अपनी हत्या की साजिश रची गयी थी।
जानकारी के अनुसार बीते रोज जाकिर पुत्र ताहिर निवासी ग्राम घोड़ेवाला थाना बहादराबाद, जिला हरिद्वार द्वारा थाना बहादराबाद में तहरीर देकर बताया गया था कि उसके विपक्षी जावेद पुत्र याकूब, याकूब, मुनफेत व जुनेद निवासी ग्राम घोड़ेवाला (जिनसे जमीनी विवाद न्यायालय में विचाराधीन है) ने उसकी हत्या करवाने के लिए 30 लाख रुपये की सुपारी दी है, जिसमें जलालपुर और रुड़की के कुछ युवक शामिल हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। जांच के दौरान पुलिस द्वारा आजम निवासी कान्हापुर, उस्मान निवासी जलालपुर, सोहेल निवासी सोत मोहल्ला रुड़की, खालिक पुत्र सुलेमान तथा शाजिद पुत्र सुलेमान निवासी घोड़ेवाला से गहन पूछताछ की गई, जांच में सामने आया कि पूर्व जिला पंचायत सदस्य जाकिर का जावेद पुत्र याकूब से पिछले 3-4 वर्षों से जमीनी विवाद चल रहा है। विपक्षी पक्ष पर दबाव बनाने और झूठा मुकदमा दर्ज करवाने के उद्देश्य से जाकिर ने अपनी ही हत्या की फर्जी कहानी रच डाली।
इसके लिए जाकिर ने आजम, उस्मान और सोहेल को 50,000 रुपये का लालच देकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अपनी ही कार पर फायरिंग करने की योजना बनाई थी, ताकि विपक्षी पर झूठा हत्या की सुपारी देने का आरोप लगाया जा सके। पुलिस द्वारा सख्त पूछताछ करने पर पूरा षड्यंत्र उजागर हो गया और “दूध का दूध, पानी का पानी” हो गया। पूछताछ के दौरान सभी आरोपी आपस में आरोप-प्रत्यारोप करने लगे और थाने में ही झगड़ा करने लगे। सभी को धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत हिरासत में लिया गया। वहीं जाकिर की लाइसेंसी पिस्टल, जिसका रिन्यूवल समाप्त हो चुका था, उसके भतीजे खालिक से बरामद की गई है। लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने पर जाकिर व खालिक के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस द्वारा जाकिर पुत्र ताहिर, निवासी घोड़ेवाला, थाना बहादराबाद, खालिक पुत्र सुलेमान, निवासी घोड़ेवाला, थाना बहादराबाद, उस्मान पुत्र लियाकत, निवासी जलालपुर, थाना कोतवाली रुड़की, सोहेल पुत्र हसरत, निवासी सोत मोहल्ला, थाना कोतवाली रुड़की, आजम पुत्र इलियास, निवासी कान्हापुर, थाना कोतवाली रुड़की व शाजिद पुत्र सुलेमान, निवासी घोड़ेवाला, थाना बहादराबाद को हिरासत में लिया गया है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

RSS
Follow by Email