March 3, 2026

चुनाव जीतने के बाद जनता से दूरी बना रहे जनप्रतिनिधिः कमलेश

0
d 22

सड़कों का निर्माण करना ही विकास नहीं, अन्य समस्याओं का समाधान भी जरूरी

रुद्रप्रयाग,  जनता की पीड़ा को कोई नहीं समझ रहा है, जिस कारण पलायन होने में लगा है। रुद्रप्रयाग विधानसभा की जनता आंसू बहा रही है। क्षेत्र में गुलदार, सुअर, भालू का आतंक बना हुआ है। पेयजल, बिजली और सड़क के अभाव में लोग परेशान हैं। जनप्रतिनिधियों का दायित्व बनता है कि वे भी जनता के बीच जांए और उनकी समस्याओं को सुने। चुनाव जीतने के बाद जनप्रतिनिधि जनता के बीच नहीं जा रहे हैं, जिस कारण लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी कमलेश उनियाल ने कहा कि विधानसभा रुद्रप्रयाग के दूरस्थ इलाकों से लेकर तीन सौ के करीब गांवों का भ्रमण किया गया है। क्षेत्र में आज भी जनता मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। क्षेत्रीय जनता अपने जनप्रतिनिधियों को सिर्फ चुनाव के समय देख रही है और चुनाव के जीतने के बाद कोई भी जनता का प्रतिनिधि उनके बीच नहीं जा रहा है, जिस कारण ग्रामीण जनता आज भी खुद को ठगा सा महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के कई इलाकों में जंगली जानवरों का आतंक बना हुआ है। ग्रामीणों की खेती को नुकसान पहुंचाया जा रहा है तो उन्हें अपनी जान का भी भय बना रहता है। गुलदार, सुअर के साथ भालू के आतंक से ग्रामीणों की रात की नींद हराम हो गयी है। उन्होंने कहा कि वे भाजपा के सच्चे सिपाही हैं और उनका मकसद चुनाव लड़ने का नहीं है, बल्कि क्षेत्र की समस्याओं को प्रशासन, शासन और सरकार के समक्ष रखना है। क्षेत्र में जाने पर पता चलता है कि जीते हुए जनप्रतिनिधि कभी क्षेत्र में आने को तैयार नहीं हैं। जनता की समस्याओं को नहीं सुना जा रहा है, जिस कारण जनता आंसू बहाने को मजबूर है। भाजपा नेता ने कहा कि सिर्फ सड़कों का निर्माण करना ही विकास नहीं है। जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना भी जरूरी है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ हरक सिंह रावत के रुद्रप्रयाग विधानसभा से चुनाव लड़ने के बयान पर भाजपा नेता कमलेश उनियाल ने कहा कि चर्चाओं में बने रहने के लिए डॉ रावत ऐसा कृत्य करते हैं। रुद्रप्रयाग विधानसभा की जनता सबकुछ जानती है। सैनिक स्कूल का कार्य आज तक अधर में लटका पड़ा है। उनके तत्कालीन विधायक रहते हुए रुद्रप्रयाग विधानसभा की जनता को बहुत सारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है और आज भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

RSS
Follow by Email