March 2, 2026

छेनागाड़ में आई आपदा के दो माह बाद मिले शव

0
d 2

24 वर्षीय कुलदीप सिंह के रूप में हुई एक शव की शिनाख्त

रुद्रप्रयाग,  छेनागाड़ में आई आपदा के दो माह बाद दो लोगों के शव बरामद हुए हैं, जबकि अभी भी 7 लोग लापता चल रहे हैं। घटना के बाद से लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
बसुकेदार क्षेत्र के छेनागाड़ में बीती 28 अगस्त को आई आपदा में लापता हुए 9 लोगों में से 2 लोगों के शव बरामद हो गए हैं। लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ द्वारा छेनागाड़ में खुदाई के दौरान शुक्रवार को 2 शव बरामद हुए हैं। सूचना पर आपदा प्रबंधन, पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर रवाना हो गई है। अभी तक एक शव की शिनाख्त हो पाई है। छेनागाड़ में लापता नौ लोगों की खोजबीन के लिए लगातार प्रशासन के निर्देशों पर लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ द्वारा मलबा हटाने का काम जारी था। अब मौसम बेहतर होने के कारण मलबा और पत्थर हटाने के काम में तेजी लाई गई। शुक्रवार को मलबा हटाते हुए लोक निर्माण विभाग को बड़े पत्थर के नीचे शव दिखाई देने का अंदेशा हुआ। इसके बाद तेजी से पत्थर को तोड़ने का काम किया गया, जिसके बाद मलबे में दबे दो शव बरामद हुए। बताया जा रहा है इस स्थान पर और शव होने की भी संभावना है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि छेनागाड़ में आपदा के दो माह बाद दो शव बरामद हुए हैं। अभी तक एक शव की शिनाख्त कुलदीप सिंह पुत्र बीरबल सिंह ग्राम उछोला भोर उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है। जबकि दूसरे शव का पैर मिला है, जिसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। बता दें कि बीते अगस्त माह में बसुकेदार क्षेत्र में बादल फटने से छेनागाड़ बाजार का अस्तित्व खत्म हो गया था, जबकि आस-पास के इलाकों में आवासीय भवन और मवेशियों को भारी नुकसान पहुँचा था। छेनागाड़ में बादल फटने से नौ लोग लापता हो गए थे, जिनकी ढूंढखोज जारी थी।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

RSS
Follow by Email