- निगम की 100 स्ट्रीट लाइटें भी बंद
हरिद्वार। जिले में ऊर्जा निगम की टीम ने बिजली बिल जमा नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के बिजली के कनेक्शन काट रही है। ऊर्जा निगम की टीम ने बकाया बिल नहीं भरने पर हरिद्वार के जिला महिला अस्पताल का कनेक्शन काट दिया। महिला अस्पताल पर 37 लाख रुपए का बिजली बिल बकाया चला आ रहा है। कई सालों से बिजली बिल जमा नहीं करने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा, ज्वालापुर क्षेत्र में भी ऊर्जा निगम की टीम ने निरीक्षण किया। ज्वालापुर क्षेत्र में 100 स्ट्रीट लाइट के कनेक्शन काटे गए जबकि 110 बकायेदारों के बिल जमा न करने पर उनके भी कनेक्शन काटे गए। साथ ही विभागीय टीम ने कुल 14.5 लाख रुपये की बकाया राशि भी वसूली। इससे पहले, नगर निगम कार्यालय का कनेक्शन काटा गया था।
अधीक्षण अभियंता प्रदीप चौधरी के निर्देश पर अधिशासी अभियंता दीपक सैनी और रवि कुमार ने हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर रही है। हरिद्वार उपकेंद्र क्षेत्र में जिला महिला अस्पताल पर 37 लाख रुपए का बिजली बिल बकाया चला आ रहा था। जबकि नगर निगम पर भी 23 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। इसलिए नगर निगम की स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन भी काटा गया है।
मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि शासन के सख्त निर्देशों के तहत वसूली की कार्रवाई की जा रही है। सरकारी विभागों के पास फंड उपलब्ध होने के बावजूद बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। रुड़की नगर निगम ने बकाया राशि जमा कर दी है, लेकिन हरिद्वार नगर निगम जब तक बकाया राशि का निपटारा नहीं होगा, कनेक्शन नहीं जोड़ा जाएगा। हालांकि, महिला अस्पताल में बिजली कटने के बाद अस्पताल के कामकाज पर कोई फर्क नहीं पड़ा। बिजली का कनेक्शन कटने के बाद जेनरेटर से आपातकालीन बिजली की आपूर्ति की गई। बता दें कि बिजली का बकाया बिल जमा न करने पर बकायेदारों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। जिस कारण लोगों के घरों और तमाम विभागों में विद्युत आपूर्ति ठप हो रही है।
