देहरादून, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा के कुशल निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने एक महिला को ब्लैकमेल कर यौन उत्पीड़न करने तथा अपनी पहचान छिपाकर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। कोतवाली रुद्रपुर में एक महिला द्वारा तहरीर दी गई कि लगभग एक वर्ष पूर्व उसकी पहचान एक व्यक्ति आहद ठाकुर नाम से हुई थी, जो स्वयं को हिन्दू बताता था। कुछ समय पश्चात उक्त व्यक्ति ने उसकी रिकॉर्डिंग को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
महिला ने बताया कि आरोपी ने धमकी और दबाव देकर उसे रुद्रपुर स्थित एक होटल में बुलाया, जहाँ उसने जबरदस्ती उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के दौरान महिला को ज्ञात हुआ कि आरोपी का वास्तविक नाम आहद खान पुत्र तसलीम खान निवासी किच्छा, जनपद ऊधम सिंह नगर है, जो अपनी मुस्लिम पहचान छिपाकर हिन्दू नाम से धोखाधड़ी कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर महोदय के आदेश पर तत्काल कार्रवाई की गई। कोतवाली रुद्रपुर पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर काशीपुर रोड स्थित गल्ला मंडी के पास से आरोपी आहद खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्त आहद खान पुत्र तसलीम खान निवासी किच्छा, जनपद ऊधम सिंह नगर ने स्वीकार किया कि उसने महिला को धोखे में रखकर होटल में बुलाया था। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसने अपने आधार कार्ड में नाम धोखाधड़ी से हिन्दू नाम “आहद ठाकुर” में बदल लिया था ताकि पहचान छिपाई जा सके और होटल में प्रवेश में किसी प्रकार की रोकटोक न हो।
