गौरीकुंड में स्वास्थ्य शिविर के साथ ही पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन
रुद्रप्रयाग, सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत गौरीकुंड में स्वास्थ्य शिविर के साथ ही पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय मरीजों के साथ ही यात्रा में संचालित होने वाले घोड़े-खच्चरों के स्वास्थ्य की भी जांच की गई। शिविर का शुभारंभ करते हुये केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता के साथ पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति भी बेहद गंभीर है। यात्रा में संचालित होने वाले घोड़े-खच्चरों के स्वास्थ्य की लगातार जांच की जा रही है। घोड़े-खच्चर केदारनाथ यात्रा की रीढ़ की हडडी हैं। इस वर्ष यात्रा के शुरूआत चरण में घोड़े-खच्चरों में संक्रमण पाया गया था। इस संक्रमण को प्रदेश सरकार की सक्रियता से शीघ्र दूर किया गया और घोड़े-खच्चरों का संचालन दोबारा शुरू हुआ।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हुए सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, एक पेड़ मां के नाम, प्रदर्शनी, संवाद सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा परिवार और समाज में उनकी भूमिका को और अधिक सशक्त बनाना है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी, प्रधान कुसुम देवी, जिला महामंत्री राय सिंह राणा, ट्रेड यूनियन अध्यक्ष गोविन्द सिंह राणा, मंडल अध्यक्ष सुभाष रावत, अवतार सिंह नेगी, डॉ गोपाल सजवान, सुमन जमलोकी, राम गोस्वामी, संजय गोस्वामी, पिंकी देवी, मुकेश गोस्वामी, अनूप गोस्वामी सहित अन्य मौजूद थे।
