शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ

एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

अगस्त्यमुनि,  विद्यालयी शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता (एथलेटिक्स) का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी तनुजा देवराड़ी ने किया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित बालक वर्ग अंडर-19 की 800 मीटर दौड़ में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि के दिव्यांशु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय इंटर कॉलेज पठालीधार के मयंक राणा ने द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज कोठगी के अंशुमान नेगी ने तृतीय स्थान हासिल किया। मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी तनुजा देवराड़ी ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के उद्घाटन कार्यक्रम में संयोजक एवं प्रधानाचार्य अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि संजय सजवान, जिला क्रीड़ा समन्वयक शिव सिंह नेगी, ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक शेर मोहम्मद, अध्यक्ष शिक्षक संघ अंकित रौथाण, वरिष्ठ क्रीड़ाध्यक्ष विपिन रावत, महेंद्र कंडारी, क्रीड़ाध्यक्ष मीना बिष्ट, नीलम पुरी, भानु प्रताप सिंह रावत, अमित गोस्वामी, योगंबर कंडारी, प्रभात पुंडीर, कुलदीप नेगी, सुशील गुप्ता, मनमोहन शौचाण, सीमा डिमरी, आशीन चमोली, भजनपाल रौतेला एवं प्रियंक रूडोला सहित शिक्षक एवं खेल विभाग से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *