तेज हवा के झोंके से गिर गई ब्राजील की Statue Of Liberty, वायरल वीडियो में दिखा अविश्वसनीय मंजर

ब्राजील (Brazil) के गुआइबा (Guaiba) से एक चौंकाने वाला और अविश्वसनीय वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जहां तूफानी हवाओं के कारण ‘स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी’ की एक विशाल प्रतिकृति (Statue Of Liberty’s Massive Replica Topples) धड़ाम से जमीन पर गिर गई. लगभग 24 मीटर ऊंचा यह ढांचा एक रिटेल स्टोर के पार्किंग एरिया में स्थापित था. दिल दहला देने वाली इस घटना में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है.

वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे तेज हवा के झोंकों के सामने यह विशाल मूर्ति पहले धीरे-धीरे झुकती है, और फिर जमीन पर गिर जाती है. पास की व्यस्त सड़क पर वाहन सामान्य रूप से चल रहे थे, लेकिन जैसे ही मूर्ति गिरी, वहां अफरा-तफरी मच गई.

वीडियो में कुछ ड्राइवरों को अपने वाहनों को तेजी से दूर ले जाते हुए भी देखा जा सकता है. बता दें कि यह विशाल प्रतिकृति हावन (Havan) रिटेल चेन की थी और एक फास्ट-फूड आउटलेट के ठीक पास लगी थी

गनीमत रही कि इस भयावह हादसे के समय इलाका लगभग खाली था, जिसकी वजह से कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ. स्थानीय अधिकारियों और रेप्लिका बनाने वाली कंपनी के अनुसार, पब्लिक को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा है.

यह घटना बीते सोमवार दोपहर को करीब 3 बजे घटी, जब तूफान चरम पर था, और हवाएं 90 किमी/घंटा की रफ्तार के करीब पहुंच गई थी. इससे पहले इलाके में रेड अलर्ट जारी किया गया था. लोगों से घरों के अंदर रहने को कहा गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *